पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश ने कई राज्यों में तबाही मचा दी है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन से भारी जनहानि हो रही है और अब इसका असर मुंबई में भी देखने को मिला है।
मुंबई के विखरोली में बड़ा हादसा
शनिवार देर रात करीब 2:40 बजे विखरोली इलाके में अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। मलबा सीधे एक झोपड़ी पर गिरा, जिससे 2 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए। हादसे के पीछे की वजह लगातार हो रही मूसलाधार बारिश बताई जा रही है।
पीड़ितों की पहचान
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में 19 वर्षीय शालू मिश्रा और 50 वर्षीय सुरेश मिश्रा शामिल हैं। परिवार के अन्य सदस्य – 45 वर्षीय आरती मिश्रा और 20 वर्षीय ऋतुराज मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुए, लेकिन अब उनकी स्थिति में सुधार है।
प्रशासन की कार्रवाई
BMC (बृहन्मुंबई महानगर पालिका) ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया ताकि आगे किसी तरह की और जनहानि न हो।
बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
मुंबई में लगातार हो रही बारिश से लोकल ट्रेन सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। दादर, कुर्ला, सियोन और तिलक नगर जैसे कई इलाकों में पानी भरने से ट्रेनों का संचालन बाधित है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।